कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के साथ कई भावुक पल भी देखने को मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री बने शुभेंदु अधिकारी के साथ मंच तक पहुंचने से पहले रोड शो किया, जहां दोनों नेताओं का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।
भगवा कुर्ते में नजर आए शुभेंदु अधिकारी प्रधानमंत्री के साथ मंच तक पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेताओं की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया। देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सहयोगी दलों के नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
पीएम मोदी ने छुए 98 वर्षीय कार्यकर्ता के पैर
समारोह के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की रही जब प्रधानमंत्री मोदी मंच पर मौजूद भाजपा के वरिष्ठतम कार्यकर्ता 98 वर्षीय माखनलाल सरकार के पास पहुंचे। प्रधानमंत्री ने उन्हें गले लगाया और सम्मान स्वरूप उनके पैर छुए। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।
शपथ के बाद शुभेंदु ने लिया नेताओं का आशीर्वाद
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं से मिले। प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचकर उन्होंने झुककर अभिवादन किया, जिस पर प्रधानमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाई और उनसे संक्षिप्त बातचीत की। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कई बार उनकी पीठ थपथपाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शुभेंदु अधिकारी को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं। समारोह में मुख्यमंत्री के अलावा पांच अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह में शामिल हुए कई बड़े नेता
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, योगी आदित्यनाथ, देवेंद्र फडणवीस, हिमंत बिस्व सरमा, चंद्रबाबू नायडू, पुष्कर सिंह धामी, मोहन यादव, रेखा गुप्ता, जयंत चौधरी, चिराग पासवान, स्मृति ईरानी और मिथुन चक्रवर्ती समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह को भाजपा ने बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर पेश किया।