पाकिस्तान के कराची में मंगलवार को एक बम धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार मरने वालों में दो चीनी नागरिक भी शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक यह धमाका कराची यूनिवर्सिटी के कैंपस में खड़ी एक कार में हुआ है. जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कराची विश्वविद्यालय परिसर के अंदर एक कार विस्फोट में दो विदेशी समेत पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास हुई. विस्फोट के बाद बचाव दल और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं. इलाके की घेराबंदी कर बचाव अभियान शुरू किया जा चुका है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वैन में सात से आठ लोग सवार थे; हालांकि, अभी तक हताहतों की सही संख्या नहीं बताई गई है