प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में हाल ही में संपन्न शांतिपूर्ण और सफल चुनाव पर वहाँ की जनता और सरकार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि नेपाली नागरिकों ने अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का पूरी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ प्रयोग किया।
पीएम मोदी ने इसे नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में एक गौरवपूर्ण क्षण करार दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत, एक करीबी मित्र और पड़ोसी के रूप में, नई सरकार के साथ मिलकर शांति, प्रगति और समृद्धि के क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, "नेपाल की जनता और सरकार को चुनाव की सफलता पर हार्दिक बधाई। अपने नेपाली भाई-बहनों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भाग लेते देखना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। भारत हमेशा उनके साथ शांति और विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।"