रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहां इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्हें “मेरा दोस्त” कहकर संबोधित किया और रोम में स्वागत किया।

इटली पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने भी उत्साह के साथ स्वागत किया। होटल पहुंचने के बाद उन्होंने प्रवासी भारतीयों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लोगों से बातचीत की और एक बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनका चित्र बनाकर उन्हें भेंट किया था।

भारतीय समुदाय की सदस्य स्वामिनी शुद्धानंदा घिरी ने बताया कि यह उनकी प्रधानमंत्री मोदी से दूसरी मुलाकात है। उन्होंने कहा कि 2021 में पहली बार मुलाकात के बाद से वह उनके मिशन से प्रेरित होकर काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सनातन धर्म संघ को इटली की संसद में आधिकारिक धार्मिक पहचान मिली है।

एक अन्य प्रवासी भारतीय ने पीएम मोदी से मुलाकात को जीवन का खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को एकता और मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दिया, जिससे समुदाय में काफी उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक इटैलियन कलाकार द्वारा बनाई गई वाराणसी घाटों की पेंटिंग भी देखी। कलाकार ने बताया कि उनकी कला भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का उनकी पेंटिंग देखना और उनसे बातचीत करना उनके लिए बेहद यादगार पल रहा।

प्रधानमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में भारतीय संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। एक कलाकार ने बताया कि उन्होंने राग हंसध्वनि पर आधारित प्रस्तुति दी, जिसे तैयार करने में सभी कलाकारों ने मिलकर काम किया। कलाकारों ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण था।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और इटली के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। दोनों देश 2025-2029 की संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ा रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 के बीच इटली से भारत में 3.66 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया।