अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन शहर में वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट पर हाल ही में हुई गोलीबारी में चार लोगों की जान चली गई। शुरुआती रिपोर्ट में मृतकों की पहचान सामने नहीं आई थी, लेकिन अब यह पुष्टि हुई है कि उनमें से एक 21 वर्षीय भारतीय मूल की छात्रा सविता शान थीं।
ऑस्टिन में भारतीय समुदाय में शोक
सविता शान ऑस्टिन की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास में डुअल-डिग्री की सीनियर छात्रा थीं, जो मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम और इकोनॉमिक्स में पढ़ रही थीं। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने उन्हें एक होशियार और मेधावी छात्रा बताया।
इस दुखद घटना से ऑस्टिन में रहने वाले भारतीय समुदाय, विशेषकर सिलिकॉन हिल्स कॉरिडोर में रहने वाले छात्रों और टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल्स में गहरा शोक व्याप्त है।
हमले की जांच में अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की संभावना
गोलियों की इस घटना के कुछ दिन पहले अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर हमला शुरू किया था। ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद पूरे अमेरिका में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई।
एफबीआई और ज्वाइंट टेररिज्म टास्क फोर्स अब इस हमले में किसी अंतरराष्ट्रीय या विचारधारात्मक लिंक की जांच कर रही हैं।
संदिग्ध और संभावित ईरानी कनेक्शन
पुलिस ने फायरिंग करने वाले 53 वर्षीय नडियागा डायग्ने को मौके पर ही मार गिराया। वह सेनेगल का मूल निवासी और अमेरिकी नागरिक था। जांच में उसके घर से एक ईरानी झंडा और कट्टरपंथी लिखावट जैसी चीजें मिली हैं, जिससे इस हमले का ईरान से संभावित संबंध जताया जा रहा है।