अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चल रहे अभियान और नशीले पदार्थों की तस्करी पर की गई कार्रवाई को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जिन देशों ने अपने नागरिकों को वापस लेने से इनकार किया था, वे अब टैरिफ की चेतावनी के बाद उन्हें स्वीकार करने को तैयार हो गए हैं।

व्हाइट हाउस में पुलिस सप्ताह के सम्मान में आयोजित ‘रोज गार्डन डिनर’ के दौरान ट्रंप ने अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की खुलकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि फेंटानिल जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों की तस्करी में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

अवैध प्रवास और कार्रवाई पर ट्रंप का दावा

ट्रंप ने कहा कि सत्ता संभालने के बाद से उनकी सरकार ने करीब दो लाख आपराधिक प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। उनके अनुसार, इनमें से कई को जेल भेजा गया है जबकि कई को उनके मूल देशों में वापस भेजा गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई देश पहले अपने नागरिकों को वापस लेने से मना कर देते थे, लेकिन अब टैरिफ लगाने की चेतावनी के बाद वे सहयोग करने लगे हैं।

ट्रंप के अनुसार, पिछले 12 महीनों में लगभग 6.15 लाख अवैध प्रवासियों को देश से बाहर किया गया है। उन्होंने दावा किया कि दक्षिणी सीमा से अवैध प्रवेश लगभग पूरी तरह रोक दिया गया है।

ड्रग तस्करी में कमी का दावा

राष्ट्रपति ने कहा कि सीमा के जरिए फेंटानिल की तस्करी में 60 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है, जबकि समुद्री रास्तों से होने वाली तस्करी में लगभग 97 प्रतिशत तक कमी देखी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ

अपने संबोधन में ट्रंप ने ICE, होमलैंड सिक्योरिटी, US Marshals Service, ATF, FBI के साथ-साथ स्थानीय और राज्य पुलिस बलों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ये सभी एजेंसियां देश की सुरक्षा के लिए “समर्पित और असाधारण कार्य” कर रही हैं।