भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर हाल ही में मुहर लग गई है। इसके तहत भारतीय वस्तुओं पर लगे टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। इस कदम के बाद पड़ोसी देश बांग्लादेश में चिंता बढ़ गई है। खबरों के अनुसार, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार चुनाव से ठीक तीन दिन पहले अमेरिका के साथ अपने ट्रेड समझौते पर हस्ताक्षर करने की योजना बना रही है। देश के वाणिज्य सचिव महबूबुर रहमान ने कथित तौर पर इस तारीख की पुष्टि की है।
बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव होने हैं। इस बीच देश की नजर अमेरिकी साझेदारी में बने व्यापार समझौते पर टिकी हुई है। भारत और अमेरिका के बीच समझौते के बाद बांग्लादेश ने भी इसे अंतिम रूप देने के लिए तेजी दिखाई। बांग्लादेश को यह डर सताता है कि यदि वह प्रतिस्पर्धी या बेहतर शर्तें हासिल नहीं कर सका, तो उसका अमेरिकी बाजार में भारत के मुकाबले हिस्सा घट सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था विशेष रूप से रेडीमेड गारमेंट (RMG) निर्यात पर निर्भर है, जो उसके अमेरिकी निर्यात का लगभग 90 प्रतिशत बनाता है।