केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 के लिए देशभर के 1,466 पुलिस कर्मियों को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक देने की घोषणा की है। गृह मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मान विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और केंद्रीय सुरक्षा संगठनों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाएगा।

चार श्रेणियों में दिया जाएगा सम्मान

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह पदक पुलिस बलों के उच्च पेशेवर मानकों, समर्पण और कार्यकुशलता को सम्मानित करने के उद्देश्य से दिया जाता है। चयन चार प्रमुख श्रेणियों — विशेष अभियान, जांच कार्य, खुफिया संचालन और फॉरेंसिक विज्ञान — में उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया है।

सरदार पटेल की जयंती पर की गई घोषणा

यह पदक योजना 1 फरवरी 2024 को शुरू की गई थी और हर वर्ष 31 अक्तूबर, भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर इसकी घोषणा की जाती है।

गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी सूची

यह सम्मान पुलिस बलों, सुरक्षा एजेंसियों, खुफिया इकाइयों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों और देशभर के फॉरेंसिक विभागों के अधिकारियों को प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2025 के पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की पूरी सूची गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है।