सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत और राजनीतिक उपयोग पर आप का भाजपा पर हमला

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की गिरती इमारतों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा है कि यूपी के हापुड़ में स्कूल की छत गिरने की घटना यह दर्शाती है कि शिक्षा भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में स्कूलों की बदहाल स्थिति बच्चों की ज़िंदगियों के लिए खतरा बनती जा रही है, जबकि पार्टी खुद के लिए आलीशान दफ्तरों के निर्माण में व्यस्त है।

हापुड़ में हादसा, बच्चों पर गिरी छत

मनीष सिसोदिया ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हापुड़ में सरकारी स्कूल की छत उस समय गिर गई जब बच्चे कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने इसे पहले राजस्थान के झालावाड़ की घटना से जोड़ा और कहा कि लगातार स्कूलों की जर्जर इमारतें मासूम ज़िंदगियों को निगल रही हैं, और यह भाजपा शासन की शिक्षा नीति की असल तस्वीर दिखाती है।

राजस्थान में दो दिन में दो हादसे

सिसोदिया ने इससे पहले राजस्थान में हुई घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि झालावाड़ में शुक्रवार को स्कूल की छत गिरने से बच्चों की मौत हो गई, और शनिवार को फिर एक अन्य सरकारी स्कूल की छत ढह गई। उन्होंने कहा कि अब यह घटनाएं असामान्य नहीं रहीं, बल्कि भाजपा शासित राज्यों में यह एक सामान्य स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह स्कूलों की छतें गिर रही हैं, उसी तरह देश की शिक्षा व्यवस्था भी चरमराती जा रही है।

दिल्ली स्कूल में भाजपा कार्यक्रम पर भी आप का ऐतराज़

इसी बीच दिल्ली के राजेंद्र नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में भाजपा के कार्यक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी ने नाराज़गी जताई है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि करोलबाग जिला भाजपा ने शनिवार को एक राजनीतिक कार्यक्रम दिल्ली सरकार के स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित किया। उन्होंने सवाल उठाया कि स्कूल परिसर में राजनीतिक मंच कैसे लगाया गया और भाजपा नेताओं के पोस्टर कैसे लगाए गए? इसके अलावा उन्होंने यह भी पूछा कि बच्चों को राजनीतिक आयोजन में क्यों शामिल किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here