उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक परिषदीय स्कूल की शिक्षिका की दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। शिक्षिका का शव उनके कमरे में निर्वस्त्र अवस्था में पाया गया। पुलिस ने घटना के आरोपी पति को मेरठ स्थित नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हत्या की बात खुद स्वीकार की है।
घटना सिविल लाइंस क्षेत्र की शिव विहार कॉलोनी में हुई। मृतक शिक्षिका एकता उर्फ पूजा, मुजफ्फरनगर जिले के भैंसी गांव की रहने वाली थीं। उनका विवाह मेरठ जिले के मवाना तहसील के ग्राम खटीना निवासी राहुल से हुआ था। एकता दो साल से अपने पति और बच्चे के साथ रामपुर की शिव विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थीं।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह दूध वाला जब घर पहुँचा और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने पड़ोसियों के साथ मिलकर खिड़की से झाँका और देखा कि एकता का शव कमरे में पड़ा था। उन्होंने पड़ोसियों को तुरंत इसकी जानकारी दी।
थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस ने भी पहुँचकर शव को ढककर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पूछताछ के दौरान आरोपी पति राहुल ने गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने हत्या की वजह पता करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि राहुल को मेरठ के नशा मुक्ति केंद्र से गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटनाक्रम और समय की पुष्टि हो सकेगी।
राहुल नशे का आदी है और इससे पहले भी दो बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती रह चुका है। उसके पिता नारायण सिंह ने बताया कि राहुल ने रविवार शाम को अपने पांच साल के बेटे को छोटे भाई के पास छोड़कर खुद नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होने का फैसला किया था। नारायण सिंह ने कहा कि उनकी बहू एक सीधी-सादी और शांत स्वभाव की महिला थी।