देहरादून/पौड़ी। सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सजवाण के अनुसार जिला कंट्रोल रूम पौड़ी से सूचना मिली थी कि सिंगटाली पुल के समीप गंगा में स्नान करते समय दो युवक नदी के तेज बहाव में बह गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर रवाना की गईं।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह गंगा नदी में स्नान कर रहा था, इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
घटना की जानकारी उनके साथियों ने तुरंत जिला कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन नदी का तेज बहाव और मटमैला पानी राहत कार्य में बाधा बन रहा है।
लापता युवकों की पहचान प्रेम (26), निवासी जड़ौदा, बुराड़ी (नई दिल्ली) और राजन (24), निवासी संगम विहार (दिल्ली) के रूप में हुई है। एक अन्य युवक के पिता का नाम अभी अज्ञात बताया गया है।
एसडीआरएफ के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी बेहद गंदला होने से सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। दोनों युवकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और तलाश अभियान जारी है।