केरल के बाद अब जापान में ब्रिटिश एफ-35 लड़ाकू विमान की आपातकालीन लैंडिंग

अमेरिकी विमान निर्माता लॉकहीड मार्टिन के एफ-35बी स्टील्थ फाइटर जेट को जापान में तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी है। यह विमान रविवार को कागोशिमा एयरपोर्ट पर उतरा, जब पायलट ने उपकरण में खराबी की सूचना दी। जापान रक्षा मंत्रालय ने इस घटना को विमान में तकनीकी समस्या बताया और जेट को सुरक्षा जांच के लिए रनवे के पास रोका गया। इस वजह से लगभग 20 मिनट के लिए हवाई अड्डे का रनवे बंद रहा, जिससे छह नागरिक उड़ानें प्रभावित हुईं।

यह एफ-35बी जेट ब्रिटिश रॉयल वायुसेना का है और इसे ब्रिटेन के विमानवाहक पोत एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स से संचालित किया जा रहा था। यह जापान में अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहा था। जून में इसी प्रकार की एक तकनीकी खराबी के कारण इसी मॉडल का एक और विमान केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कर चुका है, जहां वह एक महीने से अधिक समय तक रखा गया था। तब ब्रिटेन से आए इंजीनियरों ने उसे ठीक किया था।

F-35B स्टील्थ फाइटर जेट पांचवीं पीढ़ी का अत्याधुनिक विमान है, जिसे शॉर्ट टेकऑफ और वर्टिकल लैंडिंग (STOVL) के लिए डिजाइन किया गया है। यह छोटे डेक और जहाजों से संचालन के लिए उपयुक्त माना जाता है और ब्रिटिश सेना में इसे ‘लाइटनिंग’ के नाम से जाना जाता है। ब्रिटिश उच्चायोग ने भारत के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया था, जो पिछले मरम्मत कार्य में मददगार साबित हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here