उत्तराखंड के सरकारी और निजी स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव कर दिया गया है। अब गर्मियों में सभी स्कूल सुबह 7:45 बजे (पौने आठ) से खुलेंगे और छुट्टी दोपहर 2:05 बजे होगी। वहीं सर्दियों में स्कूल की शुरुआत सुबह 8:50 बजे होगी और छुट्टी का समय 3:10 बजे निर्धारित किया गया है।

शिक्षा सचिव रविनाथ रामन ने जारी आदेश में बताया कि प्रार्थना सभा गर्मियों में सुबह 7:45 बजे से 8:05 बजे तक आयोजित की जाएगी, इसके बाद पहला वादन सत्र 8:05 से 8:45 बजे तक चलेगा। सर्दियों में प्रार्थना सभा 8:50 से 9:10 बजे तक होगी। शिक्षा सचिव ने स्पष्ट किया कि समय-सारिणी में केवल आंशिक बदलाव किया गया है और शासन के अन्य निर्देश पहले की तरह लागू रहेंगे।

शिक्षकों का विरोध
हालांकि, इस बदलाव को सभी शिक्षक सही नहीं मान रहे हैं। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक सतीश घिल्डियाल ने कहा कि गर्मियों में स्कूलों के समय में एक घंटा पांच मिनट की बढ़ोतरी बच्चों और शिक्षकों दोनों के लिए कठिन साबित होगी। खासकर मैदानी जिलों में यह अतिरिक्त समय चुनौती बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के छात्र कई किलोमीटर पैदल स्कूल आते हैं, इसलिए उनके दृष्टिकोण से समय सारिणी में यह बदलाव उचित नहीं है।

शिक्षकों का कहना है कि इस नए समय-सारिणी को लागू करने से बच्चों की सुविधा और सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।