उत्तर प्रदेश में मृत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को अब नियुक्ति के लिए लंबा इंतजार या भटकना नहीं पड़ेगा। कार्मिक विभाग ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। अब आवेदन से लेकर नियुक्तिपत्र जारी होने तक का सारा काम मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

इस संबंध में प्रमुख सचिव, कार्मिक एम. देवराज ने सभी विभागों, जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को शासनादेश जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

ऑनलाइन प्रक्रिया की खास बातें:

  • मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया अब सेवाकाल में मृतक आश्रितों की भर्ती नियमावली, 1974 (संशोधित) के अनुसार पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
  • एनआईसी ने मानव संपदा पोर्टल पर “मृतक आश्रित सेवायोजन मॉड्यूल” विकसित किया है।
  • संबंधित कार्यालय और निदेशालय अपने ऑफिस एडमिन आईडी के जरिए प्रथम स्तर, अप्रूविंग और ऑर्डर अथॉरिटी नामित करेंगे।
  • आवेदन करने वाले आश्रितों को पोर्टल www.ehrms.upsdc.gov.in पर मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी और सभी चरण पूरा कर आवेदन लॉक करना होगा।
  • आवेदन की स्थिति (Status) भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।
  • नियुक्ति आदेश का प्रिंट लिया जा सकेगा, और इसकी प्रति आवेदक के ई-मेल या WhatsApp पर भी भेजी जाएगी।
  • वर्तमान में विचाराधीन सभी मामलों को 31 मई तक ऑनलाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख सचिव एम. देवराज ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को भी कहा है, ताकि मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को समय पर लाभ मिल सके।