पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासियों को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच एक बार फिर सीमा क्षेत्रों में गतिविधियां तेज हो गई हैं। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की ‘डिटेक्स, डिलीट एंड डिपोर्ट’ नीति के असर को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि उत्तर 24 परगना के हाकिमपुर सीमा क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने की खबर सामने आई है।
भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में दावा किया गया है कि बांग्लादेश सीमा के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए हैं और वापस अपने देश लौटने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि ये वे लोग हैं जो कथित रूप से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे थे।
भाजपा ने अपने पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि इससे पहले SIR प्रक्रिया के दौरान भी ऐसे ही दृश्य देखे गए थे। पार्टी का दावा है कि हाल के दिनों में होल्डिंग सेंटर की व्यवस्था और अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्ती के चलते सीमा क्षेत्रों में इस तरह की हलचल फिर से बढ़ी है।
मालदा में अवैध प्रवासियों के लिए एक होल्डिंग सेंटर बनाए जाने की भी जानकारी सामने आई है, जहां कथित रूप से ऐसे लोगों को रखकर आगे डिपोर्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इसी बीच, हाल ही में एक बैठक में शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि जो लोग सीएए के दायरे में नहीं आते, उन्हें अवैध घुसपैठिया माना जाएगा और आवश्यक कार्रवाई के लिए बीएसएफ को सौंपा जाएगा।