मध्य प्रदेश। पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार को कुएं की खुदाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में चल रहे इस कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले लगभग 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई में लगे हुए थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए बाहर आए थे, तभी अचानक कुएं की दीवारें भरभराकर गिर गईं और भीतर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे में दबे मजदूरों की पहचान चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव और चुनवाद पाल के रूप में बताई जा रही है। राहत कार्य के दौरान राजकुमार यादव का शव बाहर निकाला गया, जबकि अन्य को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। पन्ना जिले के जनसंपर्क अधिकारी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नयापुरवा में निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पांच लोगों की जान गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर खुदाई की जा रही थी, वहां की मिट्टी बेहद ढीली और अस्थिर थी। ऐसे में सुरक्षा उपायों के बिना गहरी खुदाई को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।
इस घटना ने काम के दौरान सुरक्षा मानकों और तकनीकी जांच की अनदेखी को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह काम किस अनुमति या योजना के तहत कराया जा रहा था।