महाराष्ट्र-झारखंड में मतदान के बीच कांग्रेस का बड़ा फैसला, एग्जिट पोल में नहीं हिस्सा लेगी पार्टी

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। बता दें 288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में एक ही चरण में वोटिग हो रही है, वहीं झारखंड में दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। वहीं इन सबके बीच एक बड़ी खबर सामने आयी है, जिसमें कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज प्रसारित होने वाले एग्जिट पोल में भाग नहीं लेगी।

महाराष्ट्र और झारखंड में मतदान की गति
महाराष्ट्र और झारखंड में मतदान की गति की बात करें, तो महाराष्ट्र में उम्मीद के अनुरूप कम मतदान प्रतिशत दर्ज हुआ है। वहीं झारखंड में मतदान की गति महाराष्ट्र के अपेक्षाकृत बेहतर है। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीट पर शाम छह बजे तक वोटिंग होगी, जबकि झारखंड की 38 में से कुछ सीटों पर शाम 4 बजे तक ही मतदान होगा। दोनों राज्यों में मतों की की गिनती 23 अक्तूबर को होगी। इसके साथ कई राज्यों में विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। 

महाराष्ट्र में मतदान की धीमी गति पर नेता चिंतित
महाराष्ट्र में मतदान की धीमी गति पर तमाम नेता-राजनेता चिंतित दिखाई दिए हैं। इस कड़ी में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पिछले पांच वर्षों में मत प्रतिशत कम रहा है और उन्होंने मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकलने का आग्रह भी किया।

झारखंड के मंत्री की जनता से अपील
इधर झारखंड के मंत्री और जामताड़ा से उम्मीदवार इरफान इंसारी ने कहा, मैं आप सभी से आग्रह करना चाहूंगा कि घर से बाहर निकलें और मतदान करें। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि, हम संथाल परगना की सभी सीटें भारी मतों के अंतर से जीतने जा रहे हैं। बता दें कि झारखंड में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here