पश्चिम बंगाल में डॉक्टर दुष्कर्म-हत्याकांड को लेकर तनाव जारी है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की इस घटना को लेकर छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखे हैं। इसी सिलसिले में अब बंगाल भाजपा ने कल राज्यभर में बंद का आह्वान किया है। 

इतना ही नहीं बंगाल में पार्टी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि कोलकाता में छात्रों के नबान्न आंदोलन में जिस तरह की बर्बरता ममता सरकार की तरफ से दिखाई जा रही है, वह लोकतंत्र की छवि को गहरा नुकसान पहुंचाती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल में महिला सुरक्षा पर बोलना अपराध जैसा है, जबकि ममता राज में दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। 

भाजपा ने ममता के इस्तीफे, पॉलीग्राफ जांच की मांग की
इस बीच भाजपा ने कोलकाता में डॉक्टर के दुष्कर्म-हत्या मामले में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। भाजपा ने ममता को ‘तानाशाह’ करार दिया और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उनके इस्तीफे की मांग की। भाजपा ने यह भी मांग की है कि सीबीआई बनर्जी और पुलिस आयुक्त विनीत गोयल की पॉलीग्राफ जांच कराए। पार्टी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने (गोयल) शुरू में कहा था कि पीड़िता ने आत्महत्या की है।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में जो कुछ हो रहा है, वह चिंताजनक है। यह संविधान को तार-तार करने जैसा है। यह स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है कि यदि देश में कोई डॉक्टर है, तो वह ममता बनर्जी हैं।’’