मुज़फ़्फ़रनगर में चल रही उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या अनुपस्थित रही। जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 3,030 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
रविवार को परीक्षा दो पालियों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। प्रत्येक केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और कई चरणों की सुरक्षा प्रक्रिया के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में 7,920 अभ्यर्थियों में से 6,379 ने परीक्षा दी, जबकि 1,541 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 7,920 में से 6,431 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 1,489 ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी।
इस तरह दूसरे दिन कुल 15,840 में से 12,810 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। प्रशासन ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी।
दोनों दिनों के आंकड़ों को मिलाकर देखा जाए तो कुल 31,680 अभ्यर्थियों में से 25,461 ने ही परीक्षा दी, जबकि 6,219 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। लगातार बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की गैरहाजिरी को लेकर भर्ती प्रक्रिया पर भी चर्चा शुरू हो गई है।