मुज़फ़्फ़रनगर में बिजली उपभोक्ताओं को 27 अप्रैल की सुबह अस्थायी कटौती का सामना करना पड़ेगा। विद्युत विभाग ने 33/11 केवी शामली रोड उपकेंद्र पर आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते चार घंटे के लिए शटडाउन निर्धारित किया है।

विभाग के अनुसार यह शटडाउन सुबह 6:30 बजे से 10:30 बजे तक रहेगा। इस दौरान पावर ट्रांसफॉर्मर में ऑयल लीकेज की मरम्मत, गैस किट बदलने और तकनीकी जांच जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। कार्य पूरा होते ही आपूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा।

इस बिजली कटौती का असर रुड़की रोड, न्यू बुढ़ाना मोड़, कृष्णापुरी, इमामबाड़ा, प्रेमपुरी, सिटी क्षेत्र और रेलवे फीडर से जुड़े इलाकों पर पड़ेगा। इन क्षेत्रों में निर्धारित समय के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसके अलावा हनुमान चौक, गौशाला रोड और आसपास के मोहल्लों में भी असर देखने को मिल सकता है।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कटौती के दौरान अपनी आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें और सहयोग करें। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

विभाग ने बताया कि गर्मी के मौसम में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए यह मेंटिनेंस कार्य जरूरी है, ताकि भविष्य में अनियोजित बिजली कटौती से बचा जा सके और आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।