असम में मंगलवार को नई सरकार का गठन होने जा रहा है। हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वह राज्य के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता बन जाएंगे, जो लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री पद संभालेंगे।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य गुवाहाटी में आयोजित समारोह में सुबह 11:40 बजे सरमा और उनकी नई मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की यह असम में लगातार तीसरी सरकार होगी।
2021 में पहली बार बने थे मुख्यमंत्री
भाजपा के नेतृत्व में असम में पहली बार 2016 में सरकार बनी थी, जब सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2021 में हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद संभाला था और अब वह दूसरी बार इस जिम्मेदारी को निभाने जा रहे हैं।
शपथ ग्रहण में कई दिग्गज होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय नेताओं और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं। भाजपा नेताओं के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहने की संभावना है।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
समारोह को देखते हुए गुवाहाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई पुलिस बलों और सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया है। आयोजन स्थल पर अलग-अलग मंच तैयार किए गए हैं, जहां विशिष्ट अतिथियों और आम लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
चुनाव में मिली बड़ी जीत
हालिया विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने अकेले 82 सीटें हासिल कीं, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटें जीतीं।
मंत्रियों के नाम अंतिम चरण में
हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के नाम भाजपा नेतृत्व से चर्चा के बाद तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई सरकार का फोकस विकास योजनाओं को तेजी से लागू करने और चुनावी वादों को पूरा करने पर रहेगा। शपथ ग्रहण के बाद नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित की जाएगी।