कोलकाता। पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद सोमवार को पहली बार मंत्रिमंडल विस्तार किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में 35 नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आर.एन. रवि ने सुबह 11 बजे नबन्ना सचिवालय में सभी नव-नियुक्त मंत्रियों को सामूहिक रूप से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नए मंत्रिमंडल में कई प्रमुख चेहरों को जगह दी गई है, जिनमें स्वपन दासगुप्ता, अशोक डिंडा, मनोज ओरांव, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, मालती रॉय, इंद्रनील खान, गौरीशंकर घोष, कल्याण चक्रवर्ती, राजेश महतो, अर्जुन सिंह और तापस राय शामिल हैं। इसके अलावा जोएल मुर्मू, हरे कृष्णा बेरा, दीपक बर्मन, शंकर घोष और सारद्वत मुखर्जी ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
पहले से तय थी कैबिनेट विस्तार की चर्चा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक दिन पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से मंत्रिमंडल विस्तार की जानकारी साझा की थी। यह विस्तार उस राजनीतिक बदलाव के बाद हुआ है, जिसमें हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत किया था।
विभागों के बंटवारे पर नजर
सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद अब विभागों के आवंटन को लेकर जल्द ही अहम फैसले लिए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पहली बार विधायक बने कई चेहरों को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है।
संभावित मंत्रियों की सूची में शंकर घोष, मनोज ओरांव, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, स्वपन दासगुप्ता, शारद्वत मुखोपाध्याय, दुधकुमार मंडल और तापस राय जैसे नाम शामिल हैं, जिन पर सभी की नजर बनी हुई है।