रामनगर। रामनगर की बेटी कृतिका कुलाश्री ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए वित्त अधिकारी पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

वर्तमान में कृतिका टिहरी में उद्योग विभाग में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा काशीपुर के लिटिल स्कॉलर स्कूल से पूरी की। इसके बाद राजस्थान स्थित वनस्थली विद्यापीठ से बीटेक की डिग्री हासिल की।

कृतिका ने वर्ष 2021 में पहली बार पीसीएस परीक्षा दी थी, जिसमें उन्हें सफलता मिली और उनका चयन सहायक निदेशक, उद्योग विभाग के पद पर हुआ। हालांकि उन्होंने यहीं रुकने के बजाय अपने लक्ष्य को और ऊंचा रखा और दोबारा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।

लगातार मेहनत और समर्पण का परिणाम सोमवार को घोषित पीसीएस परीक्षा परिणाम में देखने को मिला, जब उनका चयन वित्त अधिकारी पद के लिए हो गया। उनकी इस सफलता को क्षेत्र की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

कृतिका के पिता राजेंद्र प्रसाद सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं, जबकि उनकी माता ज्योति कुलाश्री पूर्व शिक्षिका रह चुकी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर दोनों ने खुशी जताते हुए इसे उसकी मेहनत और लगन का परिणाम बताया।

परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है। कृतिका की छोटी बहन वर्तिका भोपाल से एमएस की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि उनके भाई कार्तिकेय ने देहरादून से एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में वकालत कर रहे हैं।

बचपन से ही मेधावी छात्रा रहीं कृतिका की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे रामनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।