मेरठ। पारिवारिक विवाद के बाद मेरठ में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ पी लेने की घटना सामने आई, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के धर्मपुरी इलाके की है, जहां समय रहते पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।
विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, धर्मपुरी निवासी नरेंद्र कौर अपने परिवार के साथ रहती हैं। शुक्रवार दोपहर किसी घरेलू बात को लेकर उनका परिजनों से विवाद हो गया। इसी विवाद के बाद वह आक्रोश में बाथरूम में चली गईं और वहां जहरीला पदार्थ पी लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने लगीं।
पड़ोसी की सतर्कता से बची जान
इसी दौरान एक पड़ोसन किसी काम से उनके घर पहुंची, जहां उसने नरेंद्र कौर को गंभीर हालत में देखा। पूछताछ करने पर महिला ने जहरीला पदार्थ पीने की बात बताई। इसके बाद पड़ोसन ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और पुलिस को सूचना दी।
पांच मिनट में पहुंची पुलिस, तुरंत अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही डायल-112 और सदर बाजार थाना पुलिस की टीम मात्र पांच मिनट में मौके पर पहुंच गई। उस समय महिला बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी। पुलिस ने बिना देर किए उसे पीएल शर्मा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।