उड़ीसा में इमली प्रसंस्करण इकाई का ठेका दिलाने के बदले रिश्वत लेने के आरोप में वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड (वापकोस) के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सीबीआई की एंटी करप्शन टीम, लखनऊ ने शनिवार को की। गिरफ्तारी से पहले लखनऊ, देवरिया, गाजीपुर और भुवनेश्वर में नौ स्थानों पर छापेमारी भी की गई। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य पांच आरोपियों की तलाश जारी है।

सीबीआई के अनुसार, देवरिया मूल निवासी और वर्तमान में लखनऊ में रहने वाले पंकज दुबे वापकोस के प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। पंकज ने 13 जनवरी 2026 को उड़ीसा में इमली प्रसंस्करण इकाई का 11.81 करोड़ रुपये का ठेका इकाना इंटरप्राइज के मालिक बबलू सिंह यादव को दिलाया। इसके एवज में पंकज और उनके सहयोगियों ने कई किश्तों में करोड़ों रुपये की रिश्वत वसूलनी थी।

गिरफ्तारी के दिन, पंकज के प्रतिनिधि राहुल वर्मा और बबलू के प्रतिनिधि राजेश कुमार के माध्यम से दस लाख रुपये की रिश्वत का लेन-देन हुआ। इस दौरान पंकज का ड्राइवर शुभम पाल भी शामिल था। इनपुट के आधार पर सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद की।

छापेमारी के दौरान लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी और आशियाना में चार स्थानों, देवरिया में एक, गाजीपुर में दो और भुवनेश्वर में दो ठिकानों पर सबूत जुटाए गए।