तमिलनाडु के कुन्नूर में 8 दिसंबर को हुए हेलीकॉप्टर हादसे की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। इस हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और 13 अन्य की जान चली गई थी। मामले से परिचित सूत्रों ने ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस हेलीकॉप्टर हादसे की तीनों सेनाओं की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और निष्कर्ष अगले सप्ताह वायुसेना मुख्यालय को सौंपे जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच रिपोर्ट को जमा करने के लिए अंतिम रूप दिया जा रहा है।

दुर्घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच

यह पता चला है कि एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जांच दल ने संभावित मानवीय त्रुटि सहित दुर्घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की। इसके अलावा जांच में इस पहलू पर भी गौर किया गया कि क्या जब हेलीकॉप्टर लैंडिंग की तैयारी कर रहा था तब चालक दल द्वारा कोई गलती हुई। लोगों ने कहा कि कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के निष्कर्षों और जांच में अपनाई गई प्रक्रिया की कानूनी रूप से जांच की जा रही है। 

सूत्रों ने कहा, "यह सुनिश्चित करने के लिए कानूनी जांच की जा रही है कि क्या जांच टीम ने सभी निर्धारित मानदंडों और प्रक्रियाओं का पालन किया है।" दुर्घटना के संभावित कारणों के बारे में पूछे जाने पर, कई विमानन विशेषज्ञों ने कहा कि संबंधित इलाके में दृश्यता कम होने से अधिकांश विमान हादसे होते हैं और ऐसे में यदि पायलट को वहां की परिस्थिति का पता नहीं है तो मुश्किल और बढ़ जाती है।

एक सप्ताह में आ जाएगी जांच रिपोर्ट

सूत्रों ने कुन्नूर हादसे को लेकर किसी तरह की अटकलबाजी से बचने को कहा। उन्होंने कहा कि खराब मौसम व क्षेत्र की जानकारी नहीं होना भी हवाई दुर्घटना का एक कारण होता है। हालांकि कन्नूर हादसे को लेकर कोई आधिकारिक विवरण उपलब्ध नहीं है। सूत्रों ने कहा कि एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में जांच दल ने सभी संभावित कोणों की जांच की और रिपोर्ट को अंतिम रूप दे रही है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी को सौंपे जाने की उम्मीद है। हालांकि, इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। भारतीय वायु सेना के दुर्भाग्यपूर्ण Mi-17V5 हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स, जिसमें फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) शामिल हैं, को 9 दिसंबर को दुर्घटनास्थल से बरामद किया गया था।