रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मंगलवार को उस समय भावुक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब भारत गौरव विशेष ट्रेन नांदेड़ साहिब के लिए रवाना होने पहुंची। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत चयनित श्रद्धालु जैसे ही ट्रेन में सवार हुए, पूरे स्टेशन पर “जो बोले सो निहाल” के जयकारे गूंज उठे।
यात्रा पर रवाना हो रहे बुजुर्ग श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई यात्रियों ने भावुक होकर कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनकी वर्षों पुरानी नांदेड़ साहिब स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के दर्शन की इच्छा पूरी कर दी है। श्रद्धालुओं ने उन्हें स्नेहपूर्वक “प्रदेश का श्रवण कुमार” तक कह दिया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष मेडिकल इंतजाम किए हैं। ट्रेन में पांच सदस्यीय चिकित्सा टीम तैनात की गई है, जिसके पास ऑक्सीजन सिलिंडर, आवश्यक दवाइयां और मेडिकल किट मौजूद हैं। इसके अलावा बुजुर्गों के लिए स्वच्छ और संतुलित भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर एक विशेष झांकी भी आकर्षण का केंद्र बनी रही। चार लोगों ने मुख्यमंत्री का मुखौटा पहनकर, पीले वस्त्र धारण किए और कंधों पर ऐसी पालकी लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें वरिष्ठ श्रद्धालुओं की तस्वीरें लगाई गई थीं। यह झांकी जैसे ही ट्रेन में सवार होते बुजुर्गों के साथ आगे बढ़ी, पूरा माहौल भावनात्मक हो गया। कई श्रद्धालुओं ने इसे सेवा और सम्मान का प्रतीक बताया।
ट्रेन को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री स्वयं एक कोच में पहुंचे और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना और यात्रा की व्यवस्था के बारे में फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने यह भी पूछा कि स्टेशन तक पहुंचने में किसी को कोई परेशानी तो नहीं हुई और आगे भी इस तरह की तीर्थ यात्रा योजनाएं जारी रखने का भरोसा दिया।