हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला महताबगढ़ी में मंगलवार सुबह घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अवैध संबंधों के शक में पति ने अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला फूलगढ़ी निवासी नीलम (35) की शादी करीब 13 साल पहले मेरठ के किठौर कस्बे के रहने वाले सुनील से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे—अनिकेत, गगन और शिवा हैं। सुनील पहले ज्वेलरी बॉक्स बनाने का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह बेरोजगार था। नीलम घर के कामों के साथ-साथ मेहनत-मजदूरी भी करती थी।

बताया जा रहा है कि पिछले करीब साढ़े चार वर्षों से नीलम अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी, लेकिन करीब छह महीने पहले वह पति और बच्चों के साथ हापुड़ के महताबगढ़ी में किराए के मकान में रहने लगी थी।

शक ने बढ़ाया विवाद

परिजनों के मुताबिक, सुनील को पिछले कुछ समय से पत्नी नीलम पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर में काम करते समय फिर से दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।

गुस्से में आकर सुनील ने रसोई में रखे चाकू से नीलम पर हमला कर दिया और उसका गला रेत दिया। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया।

अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार

स्थानीय लोगों ने घायल नीलम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद पीड़िता के माता-पिता और परिजन बेहद सदमे में हैं। अस्पताल में नीलम की हालत गंभीर बनी हुई है।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।