नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवात ‘मोंथा’ अब तेज़ी से सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह तूफान 28 अक्तूबर की शाम को काकीनाडा के पास मछिलीपट्टनम और कालिंगपट्टनम के बीच आंध्र तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

राहत कार्यों की तैयारियों में जुटी सरकारें

आंध्र प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट पर रखते हुए राहत, खाद्यान्न, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के सभी सरकारी दुकानों में 26 अक्तूबर तक राशन की आपूर्ति पूरी कर ली गई है।
मंडल स्तर पर भी पर्याप्त स्टॉक रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को दिक्कत न हो।

ओडिशा और बंगाल में रेड अलर्ट

ओडिशा सरकार ने राज्य के 30 जिलों में आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग ने यहां 28 अक्तूबर से लगातार तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
वहीं पश्चिम बंगाल में सोमवार से दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना जताई गई है।

गुजरात और महाराष्ट्र में भी बदला मौसम

अरब सागर में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से गुजरात और महाराष्ट्र में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
गुजरात के दक्षिण और सौराष्ट्र क्षेत्रों में रविवार को बेमौसम बारिश दर्ज की गई। पिछले 34 घंटों में नवसारी में 157 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वलसाड, अमरेली, जूनागढ़, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में अगले कुछ दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मुंबई मौसम विज्ञान केंद्र ने जिले के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।