नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो की उड़ान को अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, क्योंकि विमान हवा में एक पक्षी से टकरा गया। विमान में 272 यात्री सवार थे। टकराव के कारण विमान का नोज डैमेज हो गया, लेकिन पायलट की त्वरित कार्रवाई से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

घटना के दौरान विमान लड़खड़ा गया, जिससे यात्रियों में डर और अफरातफरी फैल गई। पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

https://twitter.com/ANI/status/1962737126010953900

इस मामले में सीनियर एयरपोर्ट डायरेक्टर आबिद रूही ने बताया कि इंडिगो की नागपुर-कोलकाता उड़ान संख्या 6E812 में पक्षी के टकराने की आशंका है और जांच जारी है।

एविएशन इंडस्ट्री में बर्ड हिट को गंभीर खतरा माना जाता है, खासकर टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय। पक्षियों का टकराना विमान के संचालन को प्रभावित कर सकता है और तकनीकी खराबी पैदा कर सकता है।

पहले भी 2 जून को रांची की उड़ान को बर्ड हिट के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस समय रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया था कि विमान 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर एक पक्षी से टकराया था और सभी 175 यात्री सुरक्षित थे।