नई दिल्ली: कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने फिलिस्तीनियों की सुरक्षा और हितों की उपेक्षा की है। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय इस्राइल का दौरा कर रहे हैं, जबकि गाजा में नागरिकों पर लगातार हमले हो रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मोदी सरकार फिलिस्तीन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लेकर दिखावटी बयान देती है, लेकिन हकीकत में उसने उन्हें छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि वेस्ट बैंक में हजारों फिलिस्तीनियों को बेदखल किया जा रहा है और यह कार्रवाई वैश्विक स्तर पर आलोचना का सामना कर रही है। साथ ही, गाजा में नागरिकों पर इस्राइली हमले लगातार जारी हैं।

रमेश ने कहा, “इसके बावजूद प्रधानमंत्री कल इस्राइल जा रहे हैं और अपने मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे, जिन पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। वहां विपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि संसद के संबोधन के लिए सुप्रीम कोर्ट के प्रमुख को आमंत्रित नहीं किया गया, तो वे इसे बहिष्कार करेंगे।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस्राइल और अमेरिका ईरान पर संभावित हवाई हमलों की योजना बना रहे हैं, जबकि भारत की नीति फिलिस्तीन के प्रति नीतिगत तौर पर पाखंडपूर्ण बनी हुई है। रमेश ने दोहराया कि भारत 18 नवंबर 1988 को फलस्तीन को मान्यता देने वाले शुरुआती देशों में शामिल था, लेकिन वर्तमान सरकार ने फिलिस्तीनियों की उपेक्षा की है।

प्रधानमंत्री मोदी 25 फरवरी को दो दिवसीय यात्रा पर इस्राइल पहुंचेगे, जहां वे इस्राइली संसद नेसट में संबोधन करेंगे और नेतन्याहू तथा राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। यह दौरा वहां की आंतरिक राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है।