नूंह। जिले के खोरी कला गांव से पलवल एसटीएफ टीम ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के एक मामले में नासिर नामक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। नासिर मूल रूप से पलवल के पावसार गांव का रहने वाला है और कश्मीर में एनआईए द्वारा पकड़े गए आरोपी के पास ठहरता था।

एनआईए की जांच के बाद एसटीएफ ने की कार्रवाई

एनआईए की टीम ने कश्मीर से पकड़े गए आरोपी के आधार पर पावसार समेत मेवात क्षेत्र के कई गांवों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। नासिर को दो दिन पहले परिवार ने पुलिस के निर्देश पर एसटीएफ को सौंपा था। हालांकि, बृहस्पतिवार को उसे छोड़ दिया गया, लेकिन शुक्रवार को फिर से पूछताछ के लिए एसटीएफ टीम ने उसे हिरासत में लिया।

नासिर के घर की तलाशी

एसटीएफ की टीम ने नासिर के घर की तलाशी भी ली। जानकारी के अनुसार, कश्मीर से पकड़ा गया युवक पिछले 10 साल से मेवात के विभिन्न गांवों में आता-जाता रहा था। नासिर के परिजनों ने उसका निर्दोष होने का दावा किया है।