असम विधानसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी अब निजी आरोपों तक पहुंचती नजर आ रही है। कुनकी चौधरी की मां सुजाता गुरूंग चौधरी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई है।
11 अप्रैल को दी गई इस शिकायत में सुजाता चौधरी ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके बारे में झूठे और भ्रामक बयान दिए। उनका कहना है कि इन टिप्पणियों का उद्देश्य उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और उनकी बेटी के चुनाव अभियान को प्रभावित करना था।
क्या था मुख्यमंत्री का बयान
दरअसल, 2 अप्रैल को चुनावी सभा में हिमंत बिस्वा सरमा ने दावा किया था कि सुजाता गुरूंग चौधरी ने सोशल मीडिया पर बीफ सेवन से जुड़े पोस्ट साझा किए हैं, कुछ समुदायों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं और पाकिस्तान का समर्थन किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस मामले में कुनकी चौधरी के माता-पिता के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
आरोपों को बताया भ्रामक
सुजाता चौधरी ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा दिखाया गया फोटो भ्रामक तरीके से पेश किया गया। उनके मुताबिक यह तस्वीर अमेरिका के डेनवर स्थित International Church of Cannabis में ली गई थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फोटो में उनके हाथ में जो वस्तु दिखाई गई, वह मांस नहीं बल्कि एक तकिया था। इसके समर्थन में उन्होंने चर्च के निदेशक Steve Berke का एक पत्र भी संलग्न किया है, जिसमें इस बात की पुष्टि की गई है।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का आरोप
अपनी शिकायत में सुजाता चौधरी ने कहा कि इन आरोपों के बाद उनकी निजी तस्वीरें, जिनमें उनके नाबालिग बेटे की तस्वीरें भी शामिल हैं, सोशल मीडिया पर बिना अनुमति के साझा की जा रही हैं। इससे उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनकी छवि खराब करने के लिए मॉर्फ्ड तस्वीरें और एआई से तैयार सामग्री भी प्रसारित की है, जिससे उनके परिवार को मानसिक तनाव और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।
महिला आयोग से की कार्रवाई की मांग
सुजाता चौधरी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री को हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अपने और अपने नाबालिग बेटे की निजता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं है और वे केवल इसलिए विवाद में आई हैं क्योंकि उनकी बेटी गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ रही हैं।