कैथल जिले में असंध रोड पर राजौंद के नजदीक नहर के पास सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। खेतों में तूड़ी का काम खत्म कर ऑटो से घर लौट रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान सेरधा निवासी 50 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर दिनभर खेतों में काम करने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका वाहन राजौंद के पास नहर के करीब पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में सेरधा निवासी बलकार सिंह, पवन, कुलदीप, राजेश, नवाब सिंह, जोनी, प्रवीन और शमशेर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत कैथल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल जोनी को रोहतक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शमशेर सिंह की हालत सबसे नाजुक बताई जा रही है, जिसकी टांग कटकर अलग हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि कार चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।