मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती की तबीयत वृंदावन से लौटते समय अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
सूत्रों के मुताबिक यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अस्वस्थ महसूस होने लगी, जिसके बाद एहतियातन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत पर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
भाजपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
उमा भारती के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। कई वरिष्ठ नेता तुरंत अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
बुलंदशहर-अनूपशहर से विधायक संजय शर्मा और रबूपुरा नगर पंचायत अध्यक्ष शशांक सिंह भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मिले। इसके अलावा अन्य स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
वृंदावन दौरे के बाद लौट रही थीं
इससे पहले सोमवार को उमा भारती वृंदावन में स्थित कात्यायनी देवी मंदिर पहुंची थीं, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की समृद्धि, गौ रक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और धार्मिक स्थलों से जुड़े विषयों को लेकर मां दुर्गा से प्रार्थना की थी।
मंदिर दर्शन के बाद उन्होंने यमुना नदी में हाल ही में हुई घटना पर गहरा दुख जताया था और इसे बेहद पीड़ादायक बताया था। साथ ही उन्होंने कहा था कि इस मामले की जांच प्रशासन द्वारा की जानी चाहिए, खासकर नाव संचालन और सुरक्षा मानकों की। उन्होंने इस मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी से भी परहेज करने की बात कही थी।