लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अलग-अलग इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रहने से कई जगहों पर लोग नाराज होकर सड़कों पर उतर आए और उपकेंद्रों पर प्रदर्शन किया।
महावीरपुरम में रातभर हंगामा, उपकेंद्र पर प्रदर्शन
तकरोही क्षेत्र के महावीरपुरम इलाके में बृहस्पतिवार रात करीब 8:15 बजे से लेकर देर रात तक बिजली आपूर्ति ठप रही। पहले कुछ देर के लिए सप्लाई आई भी, लेकिन बेहद कम वोल्टेज के कारण पंखे तक नहीं चल सके।
स्थानीय लोगों ने बार-बार बिजली विभाग के अधिकारियों और अधिशासी अभियंता तक शिकायत पहुंचाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। गर्मी से परेशान होकर रात करीब 1 बजे बड़ी संख्या में लोग अमराई गांव उपकेंद्र पहुंच गए।
स्थिति बिगड़ने की आशंका के चलते उपकेंद्र कर्मियों ने गेट बंद कर लिया। इसके बाद बाहर लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हंगामा रात करीब 3 बजे तक चलता रहा। बाद में जब फॉल्ट ठीक कर बिजली बहाल कर दी गई, तब जाकर लोग शांत हुए। बताया गया कि महावीरपुरम में एबीसी लाइन जलने के कारण कई घरों में बिजली बाधित हुई थी।
आदर्श विहार में 10 घंटे बिजली ठप, लोग परेशान
एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र के अंतर्गत आदर्श विहार, नरौना और भूहर इलाके में करीब 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र पर पहुंचकर विरोध जताया।
लोगों का आरोप था कि एक सर्किट ठीक होने के बावजूद जानबूझकर देरी से सप्लाई बहाल की गई। रात 10:30 बजे अचानक बिजली गुल हो गई थी और रात 12 बजे अधिकारियों ने लाइन फॉल्ट की जानकारी देकर संपर्क बंद कर दिया।
पूरी रात बच्चे और बुजुर्ग गर्मी में परेशान रहे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। मुख्य अभियंता राम कुमार के अनुसार, सिंगल केबल में खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी।
आलमबाग में पुरानी केबल बनी समस्या
चंदरनगर उपकेंद्र के तहत आलमबाग नटखेड़ा रोड स्थित कुटिया गली में शुक्रवार सुबह 8 बजे एलटी लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
एसडीओ भूषण कुमार ने बताया कि पुरानी और जर्जर केबल के कारण बार-बार दिक्कतें आ रही हैं। मरम्मत के बाद और केबल बदलने की प्रक्रिया के साथ शाम करीब 5 बजे बिजली बहाल की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट भी उत्पन्न हो रहा है।
जवाहर भवन–इंदिरा भवन में तकनीकी खराबी
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे जवाहर भवन के बिजली सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे जवाहर भवन और इंदिरा भवन दोनों प्रभावित हुए।
इंदिरा भवन में कुछ देर बाद जनरेटर से बिजली बहाल कर दी गई, जबकि जवाहर भवन में देर तक समस्या बनी रही।
अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार सक्सेना के अनुसार, यह खराबी लोक निर्माण विभाग की देखरेख वाले सिस्टम में आई थी। वहीं व्यापारियों का कहना है कि अचानक लिफ्ट बंद होने से अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई थी।