कोलकाता में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की घोषणा की है। शुक्रवार को नवान्न सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के निलंबन का ऐलान किया।
निलंबित किए गए अधिकारियों में कोलकाता पुलिस के तत्कालीन पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि आरजी कर कांड में लापरवाही या चूक के किसी भी स्तर को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार महिला सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है और इस मामले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह मामला पहले से ही बंगाल की राजनीति में बड़ा मुद्दा बना हुआ है। हाल के चुनावों में पीड़िता की मां ने भी राजनीति में उतरकर जीत दर्ज की, जिसके बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया। इस पूरे प्रकरण ने राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।