फरीदाबाद के सराय ख्वाजा इलाके में शुक्रवार को हाईवे के पास स्थित विप्रो कंपनी के वेयरहाउस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उससे उठता धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वेयरहाउस में कॉस्मेटिक और घरेलू उपयोग के सामान का स्टॉक रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया।

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय करीब 30 से 40 कर्मचारी वेयरहाउस के अंदर मौजूद थे।

आग की गंभीरता को देखते हुए अब तक दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।