केंद्र सरकार ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। यह परीक्षा 3 मई को देशभर में आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक की आशंकाओं के बाद इसकी निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे थे।

NTA ने कहा कि जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर यह महसूस किया गया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा। इसी वजह से परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि नई परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन के जरिए साझा की जाएगी।

सरकार ने कथित पेपर लीक मामले की जांच अब CBI को सौंपने का निर्णय लिया है। माना जा रहा है कि राजस्थान से इस मामले का पहला बड़ा सुराग मिला। परीक्षा के बाद कुछ छात्रों के पास एक हाथ से लिखा कथित “गेस पेपर” मिला था, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते बताए गए। इसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आया।

10 मई को राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने खुफिया जानकारी के आधार पर देहरादून, सीकर और झुंझुनू में कार्रवाई करते हुए 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल बताया गया है।

इससे पहले NTA ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए कहा था कि प्रश्नपत्र GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से पहुंचाए गए थे और उन पर यूनिक वॉटरमार्क लगाए गए थे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी AI आधारित CCTV सिस्टम से की गई थी। साथ ही अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराया गया और केंद्रों पर 5G जैमर भी लगाए गए थे।

राजस्थान SOG के एडीजी विशाल बंसल ने बताया था कि जांच का मुख्य फोकस उस कथित गेस पेपर पर है, जिसमें करीब 410 सवाल थे। आरोप है कि इनमें से लगभग 120 सवाल केमिस्ट्री विषय से जुड़े थे और इनमें कई प्रश्न असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह गेस पेपर परीक्षा से कई दिन पहले छात्रों तक पहुंच चुका था।

इस साल NEET UG 2026 परीक्षा में करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्र और अभिभावक नई परीक्षा तिथियों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।