महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की स्थानीय यूनिट से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन मामले में पुलिस ने फरार आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से हिरासत में लिया है। इस मामले को लेकर नासिक पुलिस ने अब तक कुल नौ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। साथ ही जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन भी किया गया है।
निदा खान पर लगे गंभीर आरोप
पुलिस शिकायतों के मुताबिक, कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी निदा खान पर आरोप है कि वह अपनी सहकर्मी महिलाओं पर इस्लामी परंपराओं को अपनाने, नमाज पढ़ने और मांसाहारी भोजन करने का दबाव बनाती थी। मामले में अब तक एक महिला ऑपरेशंस मैनेजर समेत आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, टीसीएस प्रबंधन ने भी आरोप सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।
महिला कर्मचारियों ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार, टीसीएस नासिक यूनिट की आठ महिला कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने उनके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया, साथ ही धर्म परिवर्तन के लिए भी दबाव बनाया गया।
एचआर विभाग पर भी सवाल
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि जब उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत कंपनी के मानव संसाधन (HR) विभाग से की, तब उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।