नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारतीय राजनीति में भी दिखाई देने लगा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए ‘पूरी सभ्यता खत्म होने’ की बात कही थी।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज के दौर में ऐसी भाषा का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है, जो मानव सभ्यता के अंत की बात करे। उन्होंने कहा कि भले ही युद्ध एक वास्तविकता हो, लेकिन किसी भी परिस्थिति में परमाणु हथियारों का उपयोग उचित नहीं ठहराया जा सकता।

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि वह अमेरिका के साथ समझौते के लिए आगे नहीं आता और होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोलता, तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ट्रंप ने यह भी कहा था कि हालात ऐसे बन सकते हैं, जहां एक पूरी सभ्यता खतरे में पड़ जाए, जिससे वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई है।

तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान के अहम तेल केंद्र खर्ग द्वीप पर दो बार हवाई हमले किए। यह इलाका ईरान के तेल निर्यात के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हमलों में वहां के बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की खबरें हैं।

वहीं, ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के प्रतिनिधि आमिर-सईद इरावानी ने कहा कि अगर अमेरिका कोई बड़ा कदम उठाता है, तो ईरान भी उसी अनुपात में प्रतिक्रिया देगा।

इसके अलावा, ईरान सरकार ने अपने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा में सहयोग करें।

गौरतलब है कि ट्रंप पहले भी कई बार ईरान को डेडलाइन दे चुके हैं, जिन्हें बाद में बढ़ाया गया। हालांकि इस बार उन्होंने इसे अंतिम चेतावनी बताया है, जिससे पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है।