संसद का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो रहा है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्रकारों के बात करते हुए कहा कि एक विशिष्ट वातावरण में संसद का मॉनसून सत्र आज शुरू हो रहा है. कोरोना भी है कर्तव्य भी है और सभी सांसदों ने कर्तव्यों का रास्ता चुना है. मैं सभी सांसदों का अभिनंदन करता हूं और धन्यवाद भी करता हूं. बजट सत्र समय से पहले ही रोकना पड़ा था. इस बार भी दिन में दो बार, एक बार राज्यसभा और एक बार लोकसभा, समय भी बदलना पड़ा है. शनिवार और रविवार का अवकाश भी नहीं होगा, लेकिन सभी सदस्यों ने इसका स्वागत किया है और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने का फैसला किया है. पीएम मोदी ने कहा कि इस सत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय होंगे और अनेक विषयों पर चर्चा होगी. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकसभा में जितनी ज्यादा चर्चा होती है उतना सदन को भी और देश को भी लाभ होता है. इस बार भी इस महान परंपरा में हम सभी सांसद मिलकर अपना योगदान देंगे. पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना से बनी जो परिस्थिति है उसमें जिन सतर्कताओं के विषय में सूचित किया गया है, उसका पालन हम सबको करना ही है. पीएम ने कहा कि यग भी साफ है कि 'जब तक कोई दवाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं.' हमारे वैज्ञानिक वैक्सीन को लेकर जल्द से जल्द सफल हो और दुनिया में हर किसी को हम इस संकट से निकालने में कामयाब हों.