ढाका में होने वाले बांग्लादेश के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से साझा की है।

इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं समारोह में भाग लेने के लिए बांग्लादेश जा सकते हैं। हालांकि, 17 फरवरी को उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक और भारत में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के चलते उनका दौरा संभव नहीं हो सका।

विदेश मंत्रालय का बयान

विदेश मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष 17 फरवरी 2026 को ढाका में आयोजित समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। बयान में कहा गया कि यह भागीदारी भारत-बांग्लादेश के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित घनिष्ठ संबंधों का प्रतीक है। भारत ने तारिक रहमान के नेतृत्व में बनी नई सरकार का स्वागत करते हुए दोनों देशों के सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

किन देशों को निमंत्रण

राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, समारोह में भारत के अलावा चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन ढाका स्थित संसद परिसर के साउथ प्लाजा में होगा।

चुनावी परिदृश्य

हाल में हुए 13वें राष्ट्रीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। पार्टी को 300 सदस्यीय संसद में 212 सीटें मिलीं, जबकि जमात-ए-इस्लामी गठबंधन ने 77 सीटें जीतीं। अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को सीमित सफलता मिली। पूर्व सत्ताधारी अवामी लीग, जिसका नेतृत्व शेख हसीना करती रही हैं, इस चुनाव में भाग नहीं ले सकी।

बताया जा रहा है कि नई सरकार के मंत्रिमंडल में 32 से 42 सदस्य शामिल हो सकते हैं, जिनमें अनुभवी और युवा नेताओं का मिश्रण होगा।

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान से टेलीफोन पर बातचीत कर चुनावी जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश साझा इतिहास और सांस्कृतिक निकटता से जुड़े पड़ोसी देश हैं तथा क्षेत्रीय शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए सहयोग जारी रहेगा।