भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए पाकिस्तान के खिलाफ आने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले खुशखबरी है। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि अभिषेक शर्मा रविवार को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।

अभिषेक शर्मा की वापसी

अभिषेक शर्मा हाल ही में नामीबिया के खिलाफ हुए मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए थे। उन्हें पेट की संक्रमण समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, लेकिन अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और टीम में वापसी कर रहे हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “अगर फैंस चाहते हैं कि अभिषेक शर्मा खेलें, तो हम उन्हें मौका देंगे।”

मौजूदा टी20 विश्व कप में अभिषेक ने अब तक केवल एक मैच खेला है। अमेरिका के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। नामीबिया के खिलाफ उनकी गैरमौजूदगी स्वास्थ्य कारणों से थी। अब पाकिस्तान के खिलाफ यह विस्फोटक बल्लेबाज मैदान पर लौटेंगे।

पाकिस्तान के खिलाफ अभिषेक का प्रदर्शन

पिछले साल एशिया कप में अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ दो टी20 मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने क्रमशः 31 और 74 रन बनाए, जबकि फाइनल में केवल 5 रन पर आउट हुए। इसके बावजूद भारत ने दोनों मुकाबले अपने नाम किए थे।

अभिषेक शर्मा अब भारतीय टी20 टीम के उभरते सितारों में गिने जाते हैं। 39 मैचों में उन्होंने 1297 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर 135 रन है, जो उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हासिल किया था।