पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों से भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को हावड़ा के शिवपुर इलाके में दोनों दलों के समर्थकों के बीच टकराव हो गया।
बताया जा रहा है कि शिवपुर के चौराबस्ती क्षेत्र में अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हावड़ा पुलिस कमिश्नर अखिलेश चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हालात पर काबू पा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य के कई हिस्सों में राजनीतिक तनाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे प्रशासन सतर्क बना हुआ है।