शादी समारोह की तैयारियों के बीच राप्ती नदी में नहाने गए पांच युवकों में से दो किशोर तेज धारा में बहकर लापता हो गए। यह घटना गुरुवार दोपहर भकला पुल के पास झुनझुनिया घाट की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका।

जानकारी के मुताबिक, गिलौला थाना क्षेत्र के घोरमा परसिया कॉलोनी निवासी पप्पू जायसवाल के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी सिलसिले में बहराइच और गोंडा से कुछ रिश्तेदार गांव आए हुए थे। गुरुवार को पांच युवक और किशोर सब्जी खरीदने के लिए भकला पुल के पास पहुंचे थे।

सब्जी लेने के बाद सभी ने राप्ती नदी में नहाने का फैसला किया और पुल से कुछ दूरी पर स्थित झुनझुनिया घाट पहुंच गए। नहाने के दौरान नदी की तेज धारा में पांचों बहने लगे। इनमें राहुल, अभिषेक और विनय किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि प्रेम प्रकाश और अवि लापता हो गए।

बताया जा रहा है कि विनय और अभिषेक नदी किनारे कटान रोकने के लिए लगाए गए बांसों में फंस गए थे। उनकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं राहुल करीब 100 मीटर दूर बहते हुए नदी किनारे पहुंच गया और किसी तरह अपनी जान बचाई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस अधिकारियों के साथ स्थानीय गोताखोरों ने नदी में दोनों किशोरों की तलाश शुरू की। सीओ भरत पासवान ने बताया कि पांच लोग नदी में डूबने लगे थे, जिनमें से तीन को बचा लिया गया है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो की तलाश जारी है।