देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से मृतकों की संख्या बढ़कर 41 तक पहुंच गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में 584 सड़कें बंद हैं। पंजाब सरकार ने 30 अगस्त तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 688 गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से पांच लोगों की जान चली गई है।
जम्मू-कश्मीर: अब तक 41 की मौत, 10 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से जम्मू-कश्मीर में हालात बिगड़ गए हैं। केवल वैष्णो देवी मार्ग पर हुए भूस्खलन में 34 लोगों की जान गई। मृतकों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र के लोग भी शामिल हैं। जम्मू में 24 घंटे में 380 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो अब तक का रिकार्ड है। झेलम नदी का जलस्तर चेतावनी सीमा पार कर गया है। अब तक 10,000 से अधिक लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भारी नुकसान के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है, जबकि रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उत्तर रेलवे ने 58 ट्रेनें रद्द और 64 को आंशिक रूप से रोका है।
हिमाचल प्रदेश: मणिमहेश यात्रा स्थगित, 584 सड़कें ठप
हिमाचल प्रदेश के 12 में से 10 जिलों में भारी बारिश से 584 सड़कें अवरुद्ध हैं। ब्यास नदी के उफान से मनाली क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ और मोबाइल सेवाएं बाधित हो गईं। चंबा में मणिमहेश यात्रा रोकनी पड़ी है। एनडीआरएफ अब तक 3,269 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल चुकी है।
पंजाब: स्कूल बंद, सेना और एनडीआरएफ राहत में जुटी
लगातार बारिश से पंजाब में बाढ़ जैसे हालात हैं। पठानकोट के माधोपुर बैराज से 60 अधिकारियों को वायुसेना ने सुरक्षित निकाला। गुरदासपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय में फंसे 381 छात्र और 70 शिक्षक भी सुरक्षित बाहर लाए गए। राज्य सरकार ने 27 से 30 अगस्त तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश: गंगा-यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर
प्रयागराज सहित 17 जिलों के 688 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 2.45 लाख से अधिक लोगों और करीब 30 हजार पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़: बस्तर में पांच की मौत
बस्तर क्षेत्र के चार जिलों में भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से पांच लोगों की मौत हुई है। करीब 2,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
दक्षिण भारत: तेलंगाना और कर्नाटक में जलभराव
तेलंगाना में निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। कर्नाटक में बेंगलुरु सहित कई इलाकों में भारी बारिश से यातायात ठप हो गया है। मौसम विभाग ने 30 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली: खतरे के निशान से ऊपर यमुना
दिल्ली में इस अगस्त में सामान्य से 60% अधिक बारिश हुई है। बुधवार रात यमुना का जलस्तर 205.35 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है।