नई दिल्ली में विदेश यात्रा पर टैक्स, सेस या अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने की संभावनाओं को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए साफ किया कि सरकार का ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
हाल ही में आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि केंद्र सरकार विदेशी यात्रा पर टैक्स, सेस या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि इस प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और इससे प्राप्त होने वाली राशि सीधे केंद्र को मिल सकती है। साथ ही यह भी अनुमान लगाया गया था कि इसे अस्थायी रूप से एक वर्ष के लिए लागू किया जा सकता है, जिसका उद्देश्य युद्ध संबंधी वित्तीय दबाव, कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि और आयात लागत को संतुलित करना हो सकता है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया था कि इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और वित्त मंत्रालय की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
इन दावों के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने लिखा कि विदेश यात्रा पर किसी भी प्रकार का टैक्स या प्रतिबंध लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता।