भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 13,154 नए मामले सामने आए और 268 मरीजों की मौत दर्ज हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,48,22,040 हो गई है। इनमें से 4,80,860 लोगों की मौत हुई है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 82,402 हो गई है।
देश में ओमिक्रॉन के 800 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है।
बीते दिन ठीक हुए 7,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,486 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,42,58,778 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.40 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,99,252 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 67.64 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,65,386 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,496 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 52,39,604 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 47,277 मौतें हुई हैं। इसी तरह 30,05,798 मामलों और 38,324 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,45,261 मामलों और 36,750 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,43,83,22,742 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 63,91,282 खुराकें लगाई गईं। अगले महीने से किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू हो रहा है।