केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को गुजरात के भुज में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 61वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने बीएसएफ के जवानों को संबोधित करते हुए उनके योगदान की सराहना की और सुरक्षा को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने नागरिकों से 12 राज्यों में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) में सहयोग करने का आग्रह किया। शाह ने कहा कि यह कदम देश और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है और इसके जरिए अवैध मतदाता सूची से बाहर किए जाएंगे।
अमित शाह ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया, "हम इस देश में किसी भी अवैध रूप से शामिल व्यक्ति को मतदाता सूची से बाहर करने के अपने संकल्प में दृढ़ हैं। एसआईआर प्रक्रिया इसी उद्देश्य के लिए चल रही है।"
उन्होंने विपक्षी दलों पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि कुछ पार्टियां इस प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता ने इस मुद्दे पर एनडीए को समर्थन दिया है। शाह ने लोगों से अपील की कि वे चुनाव आयोग द्वारा संचालित एसआईआर प्रक्रिया का पूरी तरह समर्थन करें और चेतावनी दी कि घुसपैठियों का समर्थन करने वाले राजनीतिक दलों को जनता का संदेश समझना होगा।